Friday, February 5, 2010

income tax




फर्जी बैंक खातों में मिले चालीस करोड़


आयकर विभाग भी इसे अब तक की सबसे उपलब्धि मान रहा है









रवीन्द्र जैन

भोपाल। मप्र और छत्तीसगढ़ में आईएएस अधिकारियों के घर में पड़े आयकर छापे में शुक्रवार को चौंकाने वाले जानकारी सामने आई है। छत्तीसगढ़ के प्रमुख सचिव कृषि बीएल अग्रवाल के सीए के कार्यालय से आयकर विभाग को 220 बैंक पासबुकें मिली हैं। यह सभी खाते फर्जी नामों से खोले गए हैं तथा इन बैंक खातों में चालीस करोड़ रूपए जमा करके उसे अग्रवाल के परिजनों की कंपनी में निवेश किया है। इसके अलावा मप्र के प्रमुख सचिव अरविन्द जोशी व टीनू जोशी का घर से शुक्रवार को भी नगद राशि मिलने का सिलसिला जारी रहा। अब तक उनके दो घरों से 3 करोड़ 4 लाख रूपए नगद बरामद हो चुके हैं।
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार गुरूवार को तड़के शुरू हुई छापों की कार्यवाही शुक्रवार की देर रात तक जारी रहने की संभावना है। इन छापों में विभाग को कुल 14 लॉकरों के अलावा जमीनों व मकानों से संबंधित अनेक दस्तावेज हाथ लगे हैं जिनका परीक्षण कराने के बाद ही विभाग इनकी कुल सम्पत्ति के बारे में सही जानकारी दे सकेगा। अभी तक दो अधिकारियों ने विभाग के सामने कुल 85 लाख रूपए भी सरेन्डर कर दिए हैं। इनमें 50 लाख रूपए पीडब्ल्युडी के एक्जीक्युटिव इंजीनियर रामदास चौधरी ने तथा 35 लाख रूपए पीडब्ल्युडी के प्रभारी मुख्य अभियंता दीपी असाई ने सरेन्डर किए हैं। विभाग को मप्र के आईएएस अधिकारी अरविन्द जोशी व टीनू जोशी के घर से उनके पुत्र निशांत जोशी की भोपाल के व्यवसायी कैलाश अग्रवाल व उनके दोनों पुत्रों सुनील व पवन अग्रवाल के साथ आठ से अधिक कंपनियों में भागीदारी की भी जानकारी मिली है।
आयकर विभाग के महिानिदेशक ब्रजेश गुप्ता ने बताया कि - रायपुर में सीए के यहां से लगभग 220 बैंक पास बुकें मिलीं थी। विभाग की जांच में यह पता चला है कि उक्त सभी खाते जिन लोगों के नामों से खाले गए थे उन्हें इनके लेनदेन की जानकरी भी नहीं है। इन खातों में 22 करोड़ रूपए नगद व 18 करोड़ रूपए चेक द्वारा जमा किए गए। बाद में यह रकम निकालकर बाबूलाल अग्रवाल के परिजनों की कंपनियों में अलग अलग नामों से निवेश की गई है। मप्र के सेवा निव्तत आईएसस अधिकारी एमए खान के घर से आयकर विभाग को नगद के रूप में मात्र 68 हजार रूपए मिले हैं। इसके अलावा लगभग 15 लाख के जेबर व लॉकर मिले हैं। विभाग ने खान के घर से बेनामी सम्पत्ति से संबंधित कागज जप्त किए हैं जिनकी जांच होना है।
आईएएस अधिकारी अरविन्द जोशी व टीनू जोशी के 74 बंगला स्थित निवास से शुक्रवार की शाम तक विभाग को कुल 3 करोड़ 4 लाख रूपए नगद, लगभग तीन करोड़ रूपए बीमा कंपनी में निवेश संबंधी कागज, 8.36 लाख के जेबर, 7 लाख रूपए की विदेशी मुद्रा तथा एक लॉकर मिला है। उनके पिता मप्र के रिटायर पुलिस प्रमुख एचएम जोशी के अरेरा कॉलेानी स्थित घर 1.99 लाख नगद, 6.27 लाख के जेबर के अलावा जोशी के कैलाश अग्रवाल की कंपनी में पार्टनरशिप के कागज भी मिले हैं। एचएम जोशी के पांच लॉकरों भी विभाग ने सील कर दिए हैं। इन अफसरों को पैसा निवेश कराने वाली सीमा जायसवाल के घर से विभाग को 3.59 लाख रूपए नगद व 10 लाख के जेबर के अलावा उनके लॉकर से 1.90 नगद व 6 लाख के जेबर मिले हैं। आयकर विभाग ने रायपुर में प्रमुख सचिव $कृषि बाबूलाल अग्रवाल व उनके परिजनों के यहां से 52 लाख नगद व 73 लाख रूपए के जेबर बरामद किए हैं। इनकी कंपनियों में 40 करोड़ रूपए के फर्जी निवेश की भी पुष्टि हुई है। भोपाल के व्यवसायी कैलाश अग्रवाल के यहां से लाखों रूपए नगद व जेबर के अलावा करोड़ों रूपए के निवेश के कागज मिले हैं।






No comments:

Post a Comment