Wednesday, November 3, 2010

बुंंदेलखंड में भाजपा बचाओ अभियान


-नितिन गडकरी को भेजा पत्र


-संगठन की दशा दिखाने बड़े नेताओं को बुलाया


प्रवीण श्रीवास्तव

भोपाल। दूसरे दलों से आए नेताओं को भाजपा में शामिल करने तक तो सब ठीक रहा, लेकिन जब उन्हीं को संगठन के दायित्व दिए जाने लगे तो पुराने कार्यकर्ता और नेताओं का असंतोष आक्रोश में तब्दील होने लगा है। आक्रोश भी इतना कि उन्हें बुंदेलखंड में भाजपा बचाओ अभियान चल पड़ रहा है।

ठेठ बुंदेलखंड यानि टीकमगढ़ जिले में भाजपा में तेजी से उबाल आया है। पार्टी के राष्टï्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी को पत्र भेजकर यहां किसी बड़े नेता को भेजने का आग्रह किया गया है ताकि संगठन की दशा देखी जा सके। यहां भाजपा बचाओ अभियान तक की शुरुआत हो चुकी है।

बामुश्किल छह माह पहले ही भाजपा की सदस्यता लेने वाली सीमा श्रीवास्तव को महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाए जाने से तूफान उठ खड़ा हुआ है। इसकी झलक पिछले पखवाड़े भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा को भी देखने को मिली थी, जब महिलाओं ने उन्हें घेर लिया था। उसी वक्त बल्देवगढ़ की एक महिला ने तो यहां तक कहा था कि महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बनाने मुझसे भी 50 हजार रुपए रुपए की डिमांड की गई थी। सूत्र बताते हैं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा श्रीवास्तव को बनवाने एक ही नाम पेनल में जिलाध्यक्ष नापित ने भेजा था।

भाजपा के पुराने नेताओं, कार्यकर्ताओं में उबाल इसलिए भी है कि भाजपा के जिला अध्यक्ष अशोक गोयल को नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में हराने वाले जनशक्ति के युवा नेता राकेश गिरी को भाजपा में शामिल करके अब उन्हें युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाने की जिलाध्यक्ष नंदकिशोर नापित और संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरुआ की कोशिशें चल रही हैं। विरोध तो भाजपा के सभी पुराने नेता कर रहे हैं, लेकिन अनुशासनहीनता की गाज से सहमे हुए हैं, फिर भी भाजपा के जिला कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व पार्षद प्रत्येंद्र सिंघई के नेतृत्व में 'भाजपा बचाओ अभियानÓ शुरू हो गया है। एसएमएस करके अभियान की अलख तेज की जा रही है। तय हुआ है कि दीपावली बाद सबकी बैठक होगी और प्रदेश भाजपा को ज्ञापन दिया जाएगा।

जिलाध्यक्ष का रोचक तर्क

भाजपा जिलाध्यक्ष नंदकिशोर नापित का कहना है जब उमा भारती को 1985 में भाजपा में शामिल होने के तत्काल बाद लोकसभा चुनाव लडऩे टिकट दिया जा सकता है तो सीमा श्रीवास्तव को महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष क्यों नहीं बनाया जा सकता।

ये भी संगठन की बागडोर थामे

टीकमगढ़ में बसपा से चुनाव लड़ चुके वीरेंद्र राय भाजपा के मंत्री और अनिल बड़कुल जिला महामंत्री बनाए गए हैं।

दो महिला जनप्रतिनिधियों में जंग

बुंदेलखंड के दूसरे बड़े जिले छतरपुर में नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना सिंह और विधायक ललिता यादव में जंग छिड़ी है। पहले नपाध्यक्ष अर्चना सिंह ने हाईवे पर सीसी रोड के लिए भूमिपूजन समारोह किया, उसमें कलेक्टर को तो बुलाया, लेकिन विधायक ललिता यादव को नहीं बुलाया। अब ललिता यादव ने 8.39 करोड़ से शहर के 15 मार्गों में सीसी रोड बनाने भूमिपूजन कराया तो उसमें नपाध्यक्ष को नहीं बुलाया जो चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि ललिता यादव का कहना है कि उस रोज कहां गया था संगठन जब नपा के कार्यक्रम में मुझे नहीं बुलाया गया था। वहां महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नीता पटैरिया द्वारा मोर्चा की जिलाध्यक्ष गीता पटैरिया को बनाया जाना भी चर्चा में है। दरअसल सिवनी विधायक नीता पटैरिया का मायका छतरपुर जिले के महाराजपुर में है। हालांकि इस मामले में छतरपुर भाजपा जिलाध्यक्ष डा. घासीराम पटेल कुछ भी कहने से इंकार कर रहे हैं। यह जरूर है कि उन्होंने युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष के लिए पांच युवकों के नाम भेजे हैं।

No comments:

Post a Comment