Wednesday, November 3, 2010

भाजपा में लालबत्ती के लिए घमासान

दीपावली पर तोहफे की उम्मीद

प्रदीप जायसवाल

भोपाल। भाजपा में नवंबर के पहले सप्ताह में निगम-मंडलों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की नियुक्तियों की सुगबुगहाट शुरू होते ही लालबत्ती के लिए घमासान तेज हो गया है। इधर भंग किए गए विकास प्राधिकरणों के लिए भी दावेदार सक्रिय हो गए हैं। उम्मीद है कि सरकार कुछ निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में नियुक्तियों की घोषणा कर दीपावली का तोहफा दे सकती है।

सभी प्रमुख दावेदारों ने लालबत्ती के लिए दिल्ली से लेकर भोपाल तक जोड़तोड़ तेज कर दी है। राज्य में विंध्य विकास प्राधिकरण समेत अन्य कुछ प्राधिकरणों का गठन होना है। प्रस्तावित विंध्य विकास प्राधिकरण प्रमुख के लिए अजय प्रताप सिंह का नाम जहां चर्चा में है, वहीं अन्य प्राधिकरणों पर भी दावेदारों की नजर गढ़ी हुई है। महाकौशल और मालवा क्षेत्र के लिहाज से खुद दावेदार अपने-अपने प्रतिद्वंदियों की गतिविधियों पर खास नजर रखे हुए हैं। बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष के लिए बेबी राजा और उमेश शुक्ला के बीच म्यानें खींची हुई हैं। निगम-मंडल में लालबत्ती पाने की दौड़ में भोपाल के रामकिशोर वर्मा और इंदौर के कमालभाई भी शामिल माने जा रहे हैं। कमाल भाई अल्पसंख्यक आयोग के लिए तो वर्मा पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। हालांकि अल्पसंख्यक आयोग के लिए अनवर मोहम्मद खान ने दोबारा लालबत्ती पाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रखी है। मालवा अंचल से सत्यनारायण जटिया और गोपीकृष्ण नेमा भी लालबत्ती के लिए प्रयासरत हैं, जबकि मुख्यमंत्री के इलाके से राजेंद्र सिंह राजपूत और विजयपाल सिंह में से किसी एक को लालबत्ती मिलना लगभग तय माना जा रहा है। चर्चा है कि संगठन पहले ही सरकार को निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में नियुक्तियों के लिए अपनी सूची सौंप चुका है। इधर महिला आयोग के लिए वर्तमान अध्यक्ष कृष्णकांता तोमर एक बार फिर सक्रिय हैं, जबकि अन्य महिला नेत्रियां भी पीछे नहीं हैं। महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष सीमा सिंह भी आयोग की दौड़ में शामिल बताई जा रही हैं। ऐसा माना जा रहा है कि राज्य सरकार ज्यादा नहीं तो करीब एक दर्जन निगम-मंडलों में नियुक्तियां कर पार्टी नेताओं को नवाज सकती है। प्रस्तावित सूची में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने की भी चर्चा है। इस सूची के घोषित होने के बाद पनपने वाले असंतोष पर काबू पाने के लिए कुछ असंतुष्टïों को उपाध्यक्ष और सदस्य बनाकर मौन किया जा सकता है।

ये रहे खुशकिस्मत

राज्य सरकार 20 सितंबर को निगम और मंडलों के 9 अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की नियुक्तियां कर चुका है। इनमें रमेश शर्मा गुट्टïू भैया भोपाल को राज्य नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष और अनीता नायक टीकमगढ़ को इसी निगम का उपाध्यक्ष, सत्यनारायण सत्तन इंदौर को मप्र खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का अध्यक्ष, मधुकर हर्णे होशंगाबाद को मप्र राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम का अध्यक्ष तथा कमलेश्वर सिंह रीवा को इस निगम का उपाध्यक्ष बनाया गया है। रामकिशन चौहान रायसेन को स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कारपोरेशन का अध्यक्ष, गोविंद मालू इंदौर को राज्य खनिज निगम का उपाध्यक्ष, बृजेंद्रसिंह सिसोदिया शाजापुर को मप्र ऊर्जा विकास निगम का अध्यक्ष तथा बाबूलाल मेवड़ा श्योपुर को मप्र वन विकास निगम का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनमें गोविंद मालू की नियुक्ति काफी चर्चा में रही। दरअसल उन्हें अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें जोरों पर थीं।

No comments:

Post a Comment