Wednesday, April 14, 2010

  विधानसभा का चैनल शुरू होगा?


     सांसद प्रभात झा के सुझाव पर कार्यवाही    
    रवीन्द्र जैन
    भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा की कार्यवाही के सीधे प्रसारण के लिए विधानसभा का स्वयं का चैनल शुरू करने की योजना पर विचार शुरू हो गया है। विधानसभा स्पीकर ईश्वरदास रोहाणी ने इस संबंध में प्रमुख सचिव एके पयासी को बजट बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा राज्य के संसदीय कार्य विभाग ने भी विधानसभा को एक पत्र लिख है।
    दरअसल इसकी शुरूआत राज्यसभा सदस्य प्रभात झा के 3 मार्च को मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष को लिखे गए पत्र के बाद हुई है। झा ने मुख्यमंत्री व स्पीकर को पत्र लिखकर संसंद की तरह मप्र विधानसभा का अलग से टीवी चैनल शुरू करने का सुझाव दिया है। झा का दावा है कि इसके जरिए राज्य के आम आदमी को उसके बारे में सदन में होने वाली चर्चा की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। राज्य सरकार विकास की क्या क्या योजनाएं तैयार कर रही है, इसकी जानकारी भी आम आदमी को मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने झा का यह पत्र संसदीय कार्य विभाग को भेज दिया। संसदीय कार्य विभाग ने यह पत्र विधानसभा सचिवालय को भेजा है।
    स्पीकर रोहाणी ने प्रमुख सचिव को निर्देश दिए हैं कि - विधानसभा का चैनल कैसे प्रारंभ किया जा सकता है? इस पर कितनी राशि व्यय होगी? इसे शुरू करने से क्या क्या लाभ होंगे? पर अपनी टीप दें। इस संबंध में प्रमुख सचिव ने प्रस्ताव बनाना शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि भोपाल दूरदर्शन से इस संबंध में चर्चा की जाएगी। वैसे कई निजी चैनल भी सशुल्क अपनी सेवाएं उपलब्ध कराने को तैयार हो जाएं। प्रयोग के तौर पर भोपाल दूरदर्शन अथवा किसी निजी चैनल की सेवाएं लेकर कुछ दिनों सदन की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जा सकता है, यदि इसके सकारात्मक परिणाम रहे तो विधानसभा सचिवालय अपना निजी चैनल प्रारंभ करने पर विचार कर सकता है।
   

No comments:

Post a Comment