Wednesday, October 27, 2010

रतलाम में माफिया सक्रिय, गैंगवार हुई

सुधाकर की गिफ्तारी के बाद भाजपा नेता को गोली मारी


राजनीतिक संवाददाता

भोपाल। रतलाम में हिन्दुवादी नेता सुधाकर राव मराठा की गिरफ्तारी के बाद ड्रग माफिया एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। ड्रग माफिया के इशारे पर बुधवार को रतलाम भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र हिंगड़ को गीेली मार दी गई। दो महिने पहले भी ड्रग माफिया जितेन्द्र के भाई सुनील की भी हत्या कर चुका है। बुधवार की घटना के बाद रतलाम जिले के बडावदा गांव में अनेक मुसलमान घर छोड़कर भाग गए हैं।

क्या है घटना : रतलाम और उसके आसपास कांग्रेस के तत्कालीन जिलाध्यक्ष आरआर खान को ड्रग माफिया का सरगना माना जाता है। कुछ दिनों पहले खान की हत्या के बाद उनका काम रतलाम जिले की जावरा तहसील के बडावदा गांव में रहने वाले युसुफ बडावदा ने संभाल लिया था। इसी क्षेत्र में सक्रिय हुए और माफिया के खिलाफ लडऩे वाले हिन्दु नेता सुधाकर राव मराठा ने युसुफ को मारने का एलान कर दिया था। यहां बता दें कि सुधाकर पर कई ऐसे मुस्लिम नेताओं को मारने का आरोप है, जिनका हिन्दुओं से कथित रुप से विवाद हुआ था।

युसुफ की हत्या : इसी साल 28 अगस्त को युसुफ बडावदा की लाश एक कुंए से बरामद हुई। पुलिस का मानना है कि युसुफ की हत्या करके उसकी लाश फेंकी गई थीं। 29 अगस्त को युसुफ के जनाजे में मप्र व राजस्थान के कई ड्रग सरगना शामिल हुए थे। पुलिस ने जनाजे में शामिल लोगों की वीडियो सूटिंग भी कराई थी। बताते हैं कि इस सरगना के जनाजे में मालवा क्षेत्र के एक कांग्रेस सांसद का पुत्र भी शामिल हुआ था।

हिंगड़ परिवार पर शक : बताते हैं कि बडावदा गांव में संघ व भाजपा से जुड़ा हिंगड़ परिवार रहता है। युसुफ के परिजनों को शक था कि युसुफ की हत्या हिंगड़ परिवार ने कराई है। युसुफ के अंतिम संस्कार के अगले दिन उसके परिवार की कुछ महिलाओं ने सुनील हिंगड़ को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। बाद में चार लोगों ने सुनील की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया था।

जितेन्द्र को गोली मारी : 27 अक्टूबर बुधवार को सुनील हिंगड़ के भाई जितेन्द्र हिंगड़ अपने कर्मचारी के साथ मोटर साइकिल जावरा से बडावदा जा रहे थे, तभी महाराष्ट्र के नंबर की एक मारूति कार ने उन्हें टक्कर मारी कर पहले तो गिरा दिया। कार में सवार लोगों ने जितेन्द्र हिंगड़ को पहले तो दूर तक घसीटा और बाद में उनके पेट में गोली मारकर भाग गए। जावरा व रतलाम में प्राथमिक उपचार के बाद जितेन्द्र हिंगड़ को इलाज के लिए इंदौर भेजा गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बडावदा में तनाव : इस घटना के बाद बडावदा गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने गांव में धारा 144 लागू करते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। दूसरी ओर गांव के कई मुस्लिम परिवार गांव छोड़कर भाग गए हैं।

इंडियन मुजाहिद्दीन भी सक्रिय : रतलाम में इसी साल ईद के पहले हुए साम्प्रदायिक दंगे के बाद इंडियन मुजाहिद्दीन ने बीबीसी को भेजे एक मेल में रतलाम में बम विस्फोट करने की चेतावनी दी है। इस संगठन ने अपने लेटरहेड पर दी चेतावनी में रतलाम के एसपी मयंक जैन को मारने की भी धमकी दी है।

सुधाकर से घबडाए थे : सूत्रों का कहना है कि मंदसौर व रतलाम के ड्रग माफिया को सुधाकर राव माराठा से डर लगता था। सुधाकर राव मराठा ने इन माफिया को हिन्दुओं को परेशान न करने की चेतावनी दी थी। सुधाकर के कारण कई ड्रग माफियाओं ने इलाका छोड़ दिया था। लेकिन पिछले दिनों सुधाकर राव की गिरफ्तारी के बाद माफिया फिर से सक्रिय हो गया है। आने वाले दिनों में हालात बिगडऩे की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

1 comment:

  1. इस लिहाज से तो सुधाकर सुधारक का काम कर रहा था..

    ReplyDelete